Aaj Ka Mausam, 5 जून 2025: भारत मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में मौसम बदलाव के साथ सक्रिय है। कहीं भारी बारिश हो रही है तो कहीं लू और गर्मी परेशान कर रही है। अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्य में बारिश की संभावना है।
हालांकि कुछ दिनों की तेज़ शुरुआत के बाद अब मानसून की रफ्तार थोड़ी थम सी गई है। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह केवल एक अस्थायी ठहराव है। आने वाले दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय होगा और देश के बाकी हिस्सों में भी अपनी पहुंच बनाएगा।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना
अगले दो दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। दो दिन बाद बारिश की तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
उत्तर भारत में तेज हवाएं और गरज-चमक
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले 48 घंटे के दौरान तेज़ हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
इस बदलाव का कारण एक पश्चिमी विक्षोभ है, जो पंजाब के पास एक चक्रवाती प्रणाली के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा हरियाणा और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी निचले स्तर पर मौसम प्रणाली बनी हुई है।
पूर्वी भारत में लू का खतरा
पश्चिम बंगाल के गंगा के पास वाले इलाकों में 5 और 6 जून को लू चलने की संभावना है। ओडिशा में 5 से 7 जून तक गर्म हवाएं परेशान कर सकती हैं।