Aaj Ka Mausam: इस बार समय से पहले भारत में मानसून का आगमन हो चुका है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान केरल, कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग ने अगले 6-7 दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु में भारी भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
अगले 24 घंटे का मौसम
अगले 24 घंटे के दौरान मानूसन की गति और अधिक तीव्र हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ ओडिशा, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है।
आपको बता दें, पिछले 24 घंटे के दौरान केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पश्चिम राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, गंगा-पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, असम और मेघालय, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई।
इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
अगले 24 घंटों में ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, असम, और उत्तर-पूर्वी राज्यों में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। ओडिशा के पास समुद्र में बना दबाव और मध्य भारत में सक्रिय चक्रवात के कारण ये बारिश होने की संभावना है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
10 से 15 जून के बीच मध्य भारत के कई राज्यों में मानसून पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, इस वर्ष मानसून 10 से 15 जून के बीच मध्य भारत के कई राज्यों में प्रवेश कर जाएगा। इससे पहले मानसून की सक्रियता को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से और आसपास के क्षेत्र समय से पहले मानसून की बारिश का आनंद ले सकेंगे। मानसून के जल्दी पहुंचने से खेती और जल संरक्षण के लिए अच्छी स्थिति बनेगी, जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।